बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून को रिया गौतम ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद, इन्वर्टर, बैटरी, टीवी, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा 19 जून को सरफराज अहमद तथा 25 मई को फैसल सैफी और मोहम्मद कैफ के किराये के कमरे में चोरी की घटनाओं के संबंध में भी मुकदमे दर्ज किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 21 जून को हरुनंगला पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मवीर (25), परमवीर (23) निवासी गैनी थाना अलीगंज तथा अजय (23) निवासी ग्राम सिंघा थाना मीरगंज शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में लोहे की रॉड से ताले तोड़कर घरों में घुसते थे। एक साथी बाहर निगरानी करता था, जबकि चोरी के बाद सभी ऑटो से फरार हो जाते थे। आरोपियों ने तुलसीनगर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कलाई घड़ियां, एक वी-गार्ड इन्वर्टर, लोहे की रॉड, 1820 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो (UP25GT2207) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बारादरी पुलिस ने ताला तोड़कर चोरी करने वाले गैंग का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार






