बरेली। मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर कैंट पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा अवैध रूप से रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ जियाउल (30 वर्ष) निवासी मोहानपुर रोड, नकटिया थाना कैंट के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी दुकान में भारतीय सेना की प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा बड़े पैमाने पर भंडारित किए हुए है और उसे बाहर भेजने की तैयारी कर रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2,050 मीटर प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म कपड़ा, यूनिफॉर्म के कट पीस, जूतों के फीते, कपड़े की टोपियां और वेल्क्रो सहित अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित सैन्य सामग्री की खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था।
कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आर्मी यूनिफॉर्म का जखीरा बरामद






