गागलहेड़ी (सहारनपुर)
गागलहेड़ी स्थित ज्योतिबा फुले चौक पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष एवं भावी प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य वार्ड-48 राव तैमूर ने किया। कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने गागलहेड़ी थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंप दिया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित करते हुए कहा गया कि जनपद सहारनपुर में निजी स्कूल संचालक किताब विक्रेताओं से कमीशन लेकर छात्रों को महंगी निजी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इससे गरीब व मध्यम वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सभी निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू की जाएं, ताकि सभी बच्चों को समान और सस्ती शिक्षा मिल सके। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राव तैमूर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाना बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही ज्ञापन में टोल टैक्स की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि 20 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा—एक चमारी खेड़ा और दूसरा गणेशपुर में संचालित—होने के कारण स्थानीय वाहन चालकों को दोहरा टोल देना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस पर जिला उपाध्यक्ष राव तैमूर ने नाराजगी जताते हुए 20 किलोमीटर के भीतर स्थित टोल प्लाजा को समाप्त करने या स्थानीय लोगों को राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी युवा मोर्चा के अध्यक्ष सचिन देव, जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार बलाचौर, पूर्व देहात विधानसभा कोषाध्यक्ष मेनपाल सिंह, मोहित कुमार, नीटू कुलदीप चोपड़ा, वाहिद कुरैशी, मुन्ना मलिक, गीता रानी, बालाजी, सुषमा सहित बड़ी संख्या में देहात विधानसभा क्षेत्र से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट Naim.sagar







