Home / News / “आमजन की समस्याओं पर सांसद दुष्यंत सिंह सख्त, जनसुविधाओं को समयबद्ध सुदृढ़ करने के निर्देश”*

“आमजन की समस्याओं पर सांसद दुष्यंत सिंह सख्त, जनसुविधाओं को समयबद्ध सुदृढ़ करने के निर्देश”*

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

“मिनी सचिवालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक: सांसद दुष्यंत सिंह ने पेयजल, विद्युत व सड़क व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की”

झालावाड़, 31 जनवरी। सांसद श्री दुष्यंत सिंह की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय में जिले की पेयजल, विद्युत, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी आमजन की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने 28 से 30 जनवरी तक चले अपने जिले के माथनीया, चंवलड़िया, रूपारेल एवं बानौर क्षेत्र की पदयात्रा के दौरान प्राप्त सुझावों एवं जन-आकांक्षाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

विद्युत व्यवस्था में सुधार व निर्बाध आपूर्ति के दिए निर्देश

सांसद ने कहा कि जिले में उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी आमजन की शिकायतों को सुने। इस दौरान ट्रांसफार्मर लगाने, विद्युत लाइन शिफ्ट कराने, विद्युत कनेक्शन देने, विद्युत कटौती आदि से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष ध्यान देने तथा आपदा या तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

शटडाउन केवल आवश्यक परिस्थितियों में ही लिया जाए तथा इसकी पूर्व सूचना आमजन को मीडिया के माध्यम से समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में समान रूप से बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें

सांसद ने कहा कि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कहीं भी पानी की कमी की शिकायत सामने आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को जल जीवन मिशन (जेजेएम) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण व आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता

सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं, जिससे न केवल आवागमन सुगम होता है बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने नवीन सड़क निर्माण, मिसिंग लिंक सड़कों के कार्य, जर्जर सड़कों की मरम्मत, सीसी रोड निर्माण तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यात्री प्रतीक्षालयों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सांसद ने पदयात्रा के दौरान आमजन से प्राप्त शिकायतों पर विशेष चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनभावनाओं के अनुरूप समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

सांसद ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, सेवाओं की गुणवत्ता और आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, उप वन संरक्षक सागर पंवार, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के सीईओ शंभूदयाल मीणा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now