नई दिल्ली/म्यूनिख, 18 जून:Report Abhijit Sharma
ISSF वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय निशानेबाज़ों ने म्यूनिख में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक—दो स्वर्ण और दो कांस्य—अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ भारत ने कुल अंकों की तालिका में चीन और नॉर्वे के बाद तीसरा स्थान हासिल किया।
19 वर्षीय सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में लगातार तीसरा स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फाइनल में 241.9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, अर्जुन सिंह बबूता और आर्या बोर्से की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम इवेंट में चीन की जोड़ी को 17-7 से हराकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया।
कांस्य पदक विजेताओं में दो बार की ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन रहीं, जिन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 231.2 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 635.9 अंकों के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। दूसरी ओर, सिफत कौर समरा ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन स्पर्धा में 453.1 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, “हमारे निशानेबाज़ों की यह सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। NRAI उन्हें हरसंभव सहयोग देता रहेगा।”
36 सदस्यीय भारतीय दल ने इस वर्ल्ड कप में भाग लिया था। अब अगला मुकाबला सितंबर में चीन के निंगबो में होगा।