इस बार मार्च से मई तक ज्यादा गर्मी पड़ेगी, उत्तर भारत में तापमान एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा

इस बार मार्च से मई के बीच गर्मी ज्यादा सताएगी। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर अगले तीन महीनों के लिए भविष्यवाणी जारी की है। इसके तहत उत्तर भारत में इस बार आधे से एक डिग्री ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार मार्च, अप्रैल और मई में उत्तर भारत, पश्चिम और मध्य भारत में तापमान आधे से एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा। इसके कारण पिछले सालों से ज्यादा गर्मी पड़ेगी। उत्तराखंड, हिमाचल, पश्चिमी राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा जाएगा। जबकि उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री ऊपर रहने की संभावना है। यानी दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होंगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान आदि इलाकों में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से आधे से एक डिग्री तक ज्यादा रहेगा।
विभाग ने कहा कि दक्षिणी के कुछ संभागों में भी गर्मी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। जबकि मध्य प्रदेश गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिसा, विदर्भ और केरल में तापमान आधा डिग्री तक ज्यादा रहेगा।
अच्छे मानसून की उम्मीद
मौसम विभाग अप्रैल में मानसून को लेकर भविष्यवाणी जारी करेगा। हालांकि गुरुवार को जारी भविष्यवाणी में प्रशांत महासागर में अलनीनो नहीं बनने की संभावना व्यक्त की गई हैं। यह मानसून को लेकर अच्छी खबर है।
आज से बदलेगा मौसम, 5 तक बदली-बारिश
देश के कई अन्य राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने की तैयारी में है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय दबाव के चलते उ.प्र. में शुक्रवार 28 फरवरी से तेज हवा, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का सिलसिला शुरू होगा, जो 2 व 3 मार्च को अंतराल के साथ 5 मार्च तक जारी रहेगा। मौसम निदेशक जे.पी.गुप्त के अनुसार शुक्रवार 28 फरवरी को पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
उन्होंने कहा कि इस दरम्यान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। शनिवार 29 फरवरी को पूर्वी उ.प्र. में भी ऐसा ही मौसम रहने की सम्भावना जतायी है। एक मार्च को पूरे प्रदेश में बदली-बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि के आसार हैं।
मौसम निदेशक श्री गुप्त ने बताया कि 2 व 3 मार्च को अंतराल आएगा फिर 4 व 5 मार्च को प्रदेश में बदली-बारिश का सिलसिला चलेगा। बताते चलें कि पिछले दिनों हुई बारिश और तेज हवा से गेहूं, दलहन व तिलहन की फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। अब एक बार फिर मौसम में आ रहे इस बदलाव से किसानों की चिंता और बढ़ गयी है।