June 5, 2023

Express News Bharat

Express News Bharat 24×7 National Hindi News Channel.

अरविंद केजरीवाल ने दिया संकेत, महिलाओं के बाद अब बुजुर्ग-छात्र भी बस में मुफ्त सफर कर सकेंगे

भैया दूज पर महिलाओं को तोहफा देने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब दिल्ली के छात्र और बुजुर्गों को भी राहत देने की तैयारी में हैं। दिल्ली की सार्वजनिक बसों में महिलाओं की तरह बुजुर्गों और छात्रों को भी नि:शुल्क यात्रा करने की सुविधा दी जा सकती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाईदूज पर महिलाओं के लिए इस सुविधा की शुरुआत होने के बाद यह संकेत दिए।
 
नतीजों के आधार पर फैसला लेंगे: 
मुख्यमंत्री ने ‘एके एप’ के जरिए एक वीडियो संदेश में लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सारे काम एक साथ पूरे नहीं किए जा सकते। लेकिन हम यकीनन यह करेंगे। पहले महिलाओं के लिए इसे शुरू किया गया है। नतीजों के आधार पर हम बुजुर्गों और छात्रों के लिए भी इस सेवा को शुरू करेंगे। 

बराबरी का अवसर मिलेगा : उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली में महिलाओं को बराबरी का मौका नहीं मिल रहा है। यही वजह है कि दिल्ली मेट्रो और बस में महज 30 फीसदी महिला यात्री होती हैं। महिलाओं को अगर बराबरी का अवसर मिले तो वह किसी से कम नहीं हैं। यह मुफ्त सफर एक शुरुआत है जो उन्हें काफी मदद करेगा।
  
पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था : मुख्यमंत्री ने कहा कि बसों में महिलाओं की सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। इसके लिए 13 हजार मार्शल तैनात किए गए हैं। यदि कोई बदमाशी या गलत हरकत करता है तो वह तुरंत पकड़ा जाएगा।

राजनीति न हो : अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विपक्ष के कुछ लोग इस योजना का विरोध कर रहे हैं। लेकिन इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अच्छे काम पर सभी को मिलकर एक साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा, पहले यह कहा जाता था कि लोगों के कल्याण पर खर्च किए जाने वाले 100 रुपये में से करीब 85 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं और जनता तक केवल 15 रुपये ही पहुंच पाते हैं। हम उन 85 रुपयों को बचा रहे हैं और दिल्ली की जनता को सुविधाएं दे रहे हैं।

मेट्रो रियायती सफर को तैयार 
दिल्ली मेट्रो प्रबंधन भी बुजुर्गों और छात्रों को रियायती किराये पर सफर कराने को तैयार है। बायोमैट्रिक आधारित स्मार्ट कार्ड के जरिए यह सुविधा मिलेगी। बीते दिनों केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीर्प ंसह पुरी ने कहा था कि सरकारों की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।

Share
Now