अखिलेश यादव की नजर अब 2022 चुनाव पर, शुरू कर सकते हैं ये यात्रा

उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में तीन सीटें जीतने से उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक बार फिर साइकिल यात्रा अभियान शुरू कर सकते हैं। उनकी नजर 2022 के विधानसभा चुनाव पर है। पार्टी ने इस बड़ी जंग को किसी दल के साथ गठबंधन किए बिना लड़ने का फैसला किया है।
अखिलेश यादव का कार्यक्रम तय होना है, लेकिन जिलों में कार्यकर्ताओं को साइकिल यात्रा निकालने को कहा गया है। सपा अध्यक्ष किस जिले में जाकर साइकिल यात्रा करेंगे, अभी इसका पूरा कार्यक्रम तय होना बाकी है। अखिलेश यादव की कोशिश अब सपा को भाजपा का सशक्त विकल्प के तौर पर पेश करने की है। वह जनता को बताएंगे कि सपा ही भाजपा का रास्ता रोक सकती है और वह भी अपने बूते।
सपा अब भाजपा के खिलाफ बड़ा आंदोलन भी शुरू करने की रणनीति पर काम कर रही है। साइकिल यात्रा के जरिए अखिलेश यादव पहले भी जनता के बीच जा चुके हैं। उन्होंने क्रांति रथ यात्रा भी की। इस वजह से वह स्वच्छ छवि वाले युवा नेता के तौर पर खासे लोकप्रिय हुए और 2012 के विधानसभा में सपा को पूर्ण बहुमत मिला। इस साल अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव से पहले साइकिल यात्रा पर निकलने की तैयारी की थी, लेकिन जब सपा का बसपा से गठजोड़ हो गया तो उन्होंने इस आयोजन को स्थगित कर दिया था।